राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
इस्लाम धर्म का प्रमुख त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) शनिवार को जिलेभर में अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी तथा देश और समाज में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।
शहर के चांडक चौक स्थित ईदगाह में सुबह 8 बजे बकरीद की मुख्य नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। वहीं मिशन चौक स्थित नगीना मस्जिद में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा की गई। इसके अलावा शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों में भी तय समय पर नमाज अदा कराई गई।
ईद-उल-अजहा के मौके पर लोगों ने हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी की मिसाल को याद करते हुए कुर्बानी की रस्म अदा की। पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखने को मिला।
त्योहार के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। मिशन चौक क्षेत्र में एसडीएम प्रदीप चतुर्वेदी मौजूद रहे। वहीं आदर्श कॉलोनी स्थित ईदगाह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, तहसीलदार साक्षी शुक्ला, नायब तहसीलदार आकाश नीरज, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, निरीक्षक अखलेश दाहिया, पटवारी तुलाराम वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम द्वारा भी त्योहार को देखते हुए विशेष साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।