सारंगढ़
गोमर्डा अभ्यारण क्षेत्र के ग्राम पंचायत बटाउपाली ‘ब’ के आश्रित ग्राम टांगर में वन भूमि पर कथित अतिक्रमण और भूमि समतलीकरण का मामला चर्चा में है। आरोप है कि एक किसान द्वारा लंबे समय से कब्जे में बताई जा रही वन भूमि पर जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर समतलीकरण कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीनों को जप्त कर लिया, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी आगे की कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टांगर में कमल पटेल द्वारा वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी पटाई और समतलीकरण का कार्य कराए जाने की सूचना विभाग को मिली थी। इसके बाद शाम को रेंजर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी तथा एक ट्रैक्टर को जप्त कर गोमर्डा अभ्यारण कार्यालय में रखवा दिया।
10 दिन बाद विभाग ने दिया यह पक्ष
मामले को लेकर उठ रहे सवालों के बीच वन परिक्षेत्र अधिकारी/एसडीओ अंकित कुमार पांडे ने बताया कि ग्राम टांगर में वन भूमि पर अतिक्रमण कर खेत में अवैध रूप से मिट्टी पटाई और समतलीकरण किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर जप्त किया गया है। प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है तथा राजसात की कार्रवाई के लिए न्यायालय को सूचना भेज दी गई है। प्रारंभिक जांच में जमीन मालिक एवं ट्रैक्टर मालिक कमल पटेल पाए गए हैं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि कार्रवाई 16 मई को की गई थी तो विभाग की ओर से प्रकरण दर्ज और आगे की प्रक्रिया की जानकारी 10 दिन बाद सामने क्यों आई। क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग विभाग से स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।
जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़
देवकुमार जाटवर
ब्यूरो चीफ