राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। वर्षा ऋतु के पूर्व नगर के जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सुभाष चौक में एक जर्जर भवन के खतरनाक हिस्से को निगम टीम ने कार्रवाई करते हुए सुरक्षित तरीके से हटाया।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित भवन का हिस्सा लंबे समय से क्षतिग्रस्त हालत में था। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए राहगीरों और आसपास के व्यापारियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा था। शिकायत एवं तकनीकी निरीक्षण के बाद निगम प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा इंतजामों के बीच सावधानीपूर्वक जर्जर हिस्से को हटाने की कार्रवाई की गई।
निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में ऐसे पुराने एवं कमजोर भवनों का लगातार सर्वे कराया जा रहा है, जो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य समय रहते कार्रवाई कर जनहानि और हादसों को रोकना है।
नगर निगम ने भवन स्वामियों से भी अपील की है कि वे अपने पुराने और क्षतिग्रस्त भवनों की नियमित जांच कराएं तथा आवश्यकता पड़ने पर मरम्मत या सुरक्षित निष्पादन की कार्रवाई स्वयं सुनिश्चित करें, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित और नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में जर्जर भवनों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, राकेश रजक सहित निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही।