रिपोर्टर : जाकिर झंकार : आहवा डांग
डांग जिला पंचायत के नवनियुक्त अध्यक्ष राजुभाई गामित तथा उपाध्यक्ष उषाबेन धर्मेशभाई पटेल ने आज जिला पंचायत कार्यालय में विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा जिला पंचायत के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। दोनों नेताओं का फूलमालाओं से स्वागत किया गया तथा शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों और नेताओं द्वारा स्थानीय समस्याओं को लेकर आवेदन पत्र भी सौंपे गए। इसी दौरान ग्रुप ग्राम पंचायत उमरपाड़ा के सरपंच श्री रमेशभाई गोविंदभाई भोथे द्वारा विहीरआंबा गांव में खापरी ना कोतर पर स्थित जर्जरित कॉजवे की तत्काल मरम्मत कराने हेतु जिला पंचायत अध्यक्ष को आवेदन पत्र सौंपा गया।
आवेदन पत्र में बताया गया कि खापरी ना कोतर पर स्थित यह कॉजवे गांव के लोगों के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है, लेकिन वर्तमान में यह कॉजवे अत्यंत जर्जरित और खतरनाक स्थिति में है। इसके कारण विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों तथा मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बारिश के मौसम में पानी के तेज बहाव के कारण दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। सरपंच ने मांग की कि संबंधित विभाग द्वारा तत्काल स्थल निरीक्षण कर कॉजवे की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
नवनियुक्त अध्यक्ष राजुभाई गामित ने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ किसी भी जाति या धर्म के भेदभाव के बिना पूरे जिले के समान विकास के लिए कार्य करने की बात कही।
उपाध्यक्ष उषाबेन धर्मेशभाई पटेल ने भी जिला विकास कार्यों में टीम भावना के साथ कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।