सोनभद्र।
जनपद के कोन इलाके में बिना पंजीकरण के संचालित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला की मृत्यु होने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर मौके पर पहुंचकर की गई जांच के बाद अवैध रूप से चल रहे ‘ग्लोबल हॉस्पिटल’ को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया और अस्पताल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका सीमा पत्नी देवनारायण निवासी सोना सिंगा पोस्ट बागसोडी थाना कोन ,प्रसव के लिए कचनरवा पीएचसी आईं। प्राथमिक जाँच के बाद उन्हें एम्बुलेंस 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोन रेफर किया गया था, परन्तु एम्बुलेंस की टीम द्वारा उन्हें पूर्वनिर्धारित स्वास्थ्य केंद्र के बजाय बिना पंजीकरण के संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया। आरोप है कि वहां ऑपरेशन के दौरान महिला की मृत्यु हो गई और संबंधित चिकित्सक मौके से फरार हो गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिन्द तथा क्षेत्राधिकारी कोन ने संयुक्त रुप से स्थल पर जांच की। जांच के दौरान मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया।
प्रशासन ने बताया कि अस्पताल संचालक नसीम अहमद के विरुद्ध संबंधित थाना में एफआईआर दर्ज कराते हुए आगे की विधिक कार्रवाई आरम्भ कर दी गयी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना पंजीकरण व नियमों के विरुद्ध संचालित चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
क्षेत्रीय स्रोतों के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य विभाग व पुलिस और कानूनी कार्रवाई के अतिरिक्त पहल की जाएगी।