राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
मसुरहा वार्ड और जालपा देवी वार्ड में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की सख्ती का असर दिखाई देने लगा है। पूर्व निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में पाई गई खामियों पर नाराजगी जताने के बाद निगम अध्यक्ष ने शनिवार को पुनः मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण एजेंसी ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधार का कार्य शुरू कर दिया है। एजेंसी द्वारा सड़क को तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पुनर्निर्मित करने की प्रक्रिया जारी है।
मौके पर मौजूद निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुधार कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं।
निगम अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता के कर से होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित करते हुए कहा कि सुधार कार्य पूर्ण होने तक नियमित निगरानी रखी जाए तथा प्रत्येक चरण का तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष ने क्षेत्रीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता और सुझाव बेहतर विकास कार्यों की आधारशिला हैं।
इस अवसर पर अज्जू सोनी, लालू साहू, बलराम जायसवाल, चीकू जायसवाल, मुन्ना जायसवाल, शैलेंद्र जायसवाल, विनोद गुप्ता, चंदन गुप्ता, नितिन गौतम, मनोज खरे, लवी सुहाने सहित निर्माण एजेंसी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।