राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री श्री 1008 सिद्धपीठ दक्षिणमुखी बड़े हनुमान मंदिर एवं श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी के सहयोग से श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर स्थित जगन्नाथ रसोई में आयोजित 11 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। कथा के पांचवें दिन मथुरा की सुप्रसिद्ध कथा व्यास देवी कृष्णा वल्लभा जी ने अजामिल प्रसंग का मार्मिक वर्णन करते हुए भक्तों को धर्म, भक्ति और सत्कर्मों का संदेश दिया।
कथा के दौरान व्यासपीठ से कहा गया कि जहां श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होता है, वह स्थान स्वयं पवित्र हो जाता है। भगवान जगन्नाथ के दिव्य धाम में कथा का आयोजन होना समस्त क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान अपने भक्तों की परीक्षा कठिन परिस्थितियों में लेते हैं और सच्चा भक्त हर परिस्थिति में अपने विश्वास और भक्ति को बनाए रखता है।
अजामिल प्रसंग के माध्यम से बताया गया कि भगवान का नाम स्मरण करने मात्र से भी जीवन का कल्याण संभव है। कथा के साथ प्रस्तुत किए गए मधुर भजनों एवं संगीतमय प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
आयोजकों ने जानकारी दी कि सोमवार को कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेष झांकी, भजन संध्या एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कथा उपरांत प्रतिदिन की भांति महाआरती संपन्न हुई तथा श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
ट्रस्ट कमेटी एवं मंदिर प्रबंधन ने समस्त श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कथा में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।