बरेली।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र की वैष्णो कुंज कॉलोनी में रविवार को बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 45 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार अपनी कैंसर पीड़ित महिला के इलाज के लिए दिल्ली गया हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वैष्णो कुंज कॉलोनी के निवासी प्रदीप कुमार सक्सेना की पत्नी मधु सक्सेना कैंसर से पीड़ित हैं। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रदीप कुमार अपनी पत्नी को इलाज के लिए दिल्ली ले जाने के उद्देश्य से अपने बड़े बेटे अमन सेठ के साथ सैटेलाइट बस अड्डे गए थे।
माता-पिता को दिल्ली जाने वाली बस में बैठाने के बाद बड़ा बेटा अमन दोपहर करीब 2:00 बजे वापस घर लौटा। जैसे ही उसने घर के भीतर प्रवेश किया, वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। चोरों ने मकान के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था।
अमन ने देखा कि घर के अंदर के कमरों की अलमारियां खुली पड़ी थीं और उनका सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी में रखे जेवरात के डिब्बों को खंगाला और उसमें रखे कीमती आभूषण तथा नकदी समेट कर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश