आंवला बरेली
अलीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जोगीठेर के मजरा पोप सिंह गोटिया में सोमवार दोपहर विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही के कारण एक हृदय विदारक हादसा सामने आया है। यहाँ एक खेत में लगे बिजली के खंभे में अचानक करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से दो भैंस और एक पड़िया की मौके पर ही तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से जहाँ पीड़ित पशुपालक परिवार गहरे सदमे में है, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग की लचर कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सगे भाई पप्पू और यतेंद्र प्रतिदिन की भांति अपने पशुओं को लेकर जंगल की तरफ चराने गए थे। दोपहर करीब दो बजे पशु चरते-चरते शिशुपाल के खेत के समीप पहुंच गए, जहाँ बिजली का एक खंभा लगा हुआ था। खंभे में हाई-वोल्टेज करंट उतर रहा था, जिसकी जानकारी पूर्व में किसी को नहीं थी। जैसे ही बेजुबान पशु चरते हुए उस खंभे के स्पर्श में आए, उन्हें जोर का झटका लगा। करंट इतना तेज था कि पशुपालकों के कुछ समझने और प्रयास करने से पहले ही तीनों पशुओं ने वहीं दम तोड़ दिया। मृत पशु ही इस गरीब परिवार की आय का मुख्य जरिया थे, जिससे उनके सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है।
हादसे के तुरंत बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। ग्राम प्रधान जयपाल सिंह की सूचना पर तत्काल अलीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू की।
पशुओं का पोस्टमार्टम: सूचना मिलने पर मझगवां के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश चंद्र शर्मा ने अपनी टीम को मौके पर भेजा। डॉक्टरों की टीम ने मृत पशुओं का पोस्टमार्टम संपन्न कराया। मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए बिसरा के नमूने सुरक्षित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सरकारी मुआवजे की पहल: हल्का लेखपाल तेजपाल गंगवार ने भी मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि पीड़ित पशुपालकों को नियमानुसार उचित सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जा रही है लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला है और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि बिजली के खम्भों पर तार बहुत ढीले हैं अगर इन तारों को सही नहीं किया तो विद्युत उपकेंद्र अलीगंज पर धरना दिया जाएगा
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश