शिवपुरी
शिवपुरी जिले की ग्राम पंचायत पिपारा के युवा खिलाड़ियों, छात्रों और ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर गांव में खेल मैदान निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि 5000 से 8000 की आबादी वाले इस बड़े गांव में आज तक कोई शासकीय खेल मैदान नहीं बनाया गया है।
अभ्यास के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता है
आवेदन में बताया गया है कि गांव के कई खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं, लेकिन खेल मैदान के अभाव में उन्हें अभ्यास और तैयारी के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की परेशानी होती है।
युवाओं के विकास पर पड़ रहा असर
ग्रामीणों के अनुसार खेल मैदान नहीं होने से छात्रों और युवाओं को खेल गतिविधियों तथा प्रतियोगिताओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में भी कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शीघ्र निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से खेल मैदान के लिए भूमि चिन्हित कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे हजारों युवा और छात्र लाभान्वित होंगे तथा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
(शिवपुरी से जिला रिपोर्टर रानू लोधी पिपारा की रिपोर्ट)