सहारनपुर
सहारनपुर। जनपद में 03 एवं 04 जून 2026 को आयोजित टीजीटी परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
जनपद के कुल 17 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक देहात, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम एवं द्वितीय ने पुलिस बल के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है। सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़