गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के थाना बहादुरगढ में आज भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में किसानों ने थाना परिसर का घेराव किया। प्रदर्शन का कारण भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष एवं ग्राम सुंदरपुर बहना निवासी नितिन चौहान के साथ गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र टोल प्लाजा पर थाना इंस्पेक्टर द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा और गाली-गलौज करना बताया गया।
किसान यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर नाराजगी जताई तथा थाना परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई।
वार्ता के दौरान थाना प्रभारी इंद्रकांत सिंह ने किसान नेताओं के समक्ष खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उनकी किसी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए माफी चाहते हैं तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होगी।
इसके बाद किसान यूनियन और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी सहमति बनी तथा दोनों पक्षों ने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। वार्ता सफल होने के बाद किसान यूनियन ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।
बहादुरगढ, गढ़मुक्तेश्वर
रिपोर्ट: अनित सोम, उत्तर प्रदेश पत्रकार.