शिवपुरी।
शिवपुरी क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में तात्याटोपे क्रिकेट स्टेडियम, पोलोग्राउंड में आज से 7-ए साइड क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर सभी 19 टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
उद्घाटन समारोह में पोहरी के पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पटेल एण्ड संस के संचालक भूपेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ खिलाड़ी एवं कमेंटेटर गिरीश मिश्रा ‘मामा’, कमल सिंह बाथम ‘शेरा’, संतोष रघुवंशी, वरिष्ठ खिलाड़ी छोटे खान तथा पत्रकार नेपाल सिंह बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के बाद पहला मुकाबला पटेल एण्ड संस पडोरा चौक द्वारा प्रायोजित बालिका वर्ग की टीम पटेल एण्ड संस और बी.के. टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पटेल एण्ड संस की टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 99 रन बनाए। टीम की ओर से पायल तोमर ने शानदार 64 रनों की पारी खेली, जबकि अधिकांश खिलाड़ी रन आउट का शिकार बने।
99 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बी.के. टीम की ओर से पवित्रा लोधी ने 38 रन, नवधा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि अनामिका ने 21 और काव्या राठौर ने 10 रन बनाए। पवित्रा और नवधा ने बेहतरीन साझेदारी करते हुए बिना आउट हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
दोनों टीमों का स्कोर 99-99 रन रहने से मुकाबला रोमांचक टाई पर समाप्त हुआ। मैच के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन और अंतिम गेंद तक चले संघर्ष ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
(शिवपुरी से पत्रकार रानू लोधी पिपारा की रिपोर्ट)