बरेली के आंवला नगर के भुर्जी टोला निवासी एक विवाहिता ने दहेज की मांग और मारपीट कर घर से निकालने समेत विभिन्न गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार को सुबह 11:00 बजे आंवला पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आंवला कस्बा के मोहल्ला भुर्जी टोला निवासी दीक्षा पत्नी विक्की पुत्री गोवर्धन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 10 फरवरी 2026 को विक्की चंद्रा निवासी मोहल्ला गंगापुर शहदाना गली मठिया के पास थाना प्रेम नगर जिला बरेली के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। पिता ने अपनी हैसियत से अधिक दान दहेज दिया था। परंतु ससुराल वाले दहन दहेज से खुश नहीं हुए और सभी एक राय होकर पल्सर मोटरसाइकिल और दो लाख रुपए नकद की मांग करने लगे। विवाहिता ने जब असमर्थता जताई और कहा कि पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान व उपहार दिया है आपकी मांग पूरी नहीं कर सकते। इतने में ससुराल पक्ष के लोग उग्र हो गए और गाली गलौज व मारपीट करने लगे। उसने आरोप लगाया तरह-तरह के ताने देने लगे कई कई दिन भूखा प्यासा रखने लगे और जान से मारने की धमकी दी। शारीरिक मानसिक शोषण करने लगे तबीयत खराब होने पर उक्त लोगों ने दवा आदि का भी प्रबंध नहीं किया। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। उक्त लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होते देखा तो उसका गर्भ गिराने की योजना भी बनाई। उक्त लोगों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने अपने पिता को फोन किया और आप बीती बताई। सूचना पर पिता और उसके भाई-बहन पुत्री के ससुराल पहुंचे और उन्होंने समझाने का काफी प्रयास किया परंतु वह नहीं माने और दहेज की मांग पर अड़े रहे। पिता और भाई और बहन के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और पहने हुए कपड़ों में धक्का देकर घर से निकाल दिया। विवाहिता अपने पिता के साथ मायके आ गई। पीडिता ने बताया की 24 मई 2026 को पति व ससुराल पक्ष के लोग सात अज्ञात लोगों साथ गाड़ियों से मायके आंवला आए और दहेज की मांग दोहराने लगे। पिता के द्वारा असमर्थता जताने पर उक्त लोगों ने गाली गलौज की मारपीट करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगे। शोर शराबा की आवाज पर मोहल्ले के बहुत से लोग एकत्र हो गए और उन्होंने बचाया। पीडिता ने उक्त लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आंवला इंस्पेक्टर बीनू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है जांच के बाद दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश