नर्मदापुरम।
मध्यप्रदेश पुलिस के सर्वोच्च और प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल केएफ रुस्तमजी पुरस्कार से नर्मदापुरम के एसडीओपी जितेंद्र पाठक सम्मानित होंगे। यह सम्मान उन्हें एक बेहद संवेदनशील और जघन्य अपराध के मामले में उत्कृष्ट विवेचना, त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में निभाई गई अहम भूमिका के लिए प्रदान किया जा रहा है।
एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने थाना प्रभारी रहते हुए वर्ष 2022 में मंदसौर जिले के वायडी नगर थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया था। उन्होंने मामले की गहन जांच कर मजबूत साक्ष्य एकत्र किए और समयबद्ध तरीके से न्यायालय में प्रस्तुत किए। उनकी प्रभावी विवेचना और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आरोपी को एक वर्ष के भीतर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। यह फैसला पुलिस की पेशेवर दक्षता और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण माना गया।
जितेंद्र पाठक की पहचान केवल एक कुशल पुलिस अधिकारी के रूप में ही नहीं, बल्कि नर्मदापुरम के युवाओं के बीच यूथ और फिटनेस आइकॉन के रूप में भी है। अपने अनुशासित जीवन, फिटनेस के प्रति समर्पण और दमदार कार्यशैली के कारण वे युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। लोग उन्हें उनके “सिंघम स्टाइल” में काम करने और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैये के लिए जानते हैं।
पाठक अक्सर युवाओं को पुलिस भर्ती और शारीरिक दक्षता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के लिए खेल मैदानों तक पहुंचते हैं। वे फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को प्रेरित करते रहते हैं। यही कारण है कि पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ वे जिले के युवाओं के लिए एक रोल मॉडल बन चुके हैं।
केएफ रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में वर्तमान में नर्मदापुरम जिले में पदस्थ तीन अधिकारी शामिल हैं, जिनमें एसडीओपी जितेंद्र पाठक, कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर और इटारसी टीआई गौरव सिंह बुंदेला का नाम शामिल है। यह उपलब्धि न केवल इन अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान है, बल्कि पूरे नर्मदापुरम जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय भी है।
न्याय, अनुशासन, फिटनेस और जनसेवा के प्रति समर्पण का पर्याय बन चुके एसडीओपी जितेंद्र पाठक की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
राजेन्द्र धाकड़ जिला ब्यूरो चीफ नर्मदापुरम