कैमोर।
कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम लबैहरा में कैमोर–विजयराघवगढ़ मुख्य मार्ग पर बना विशाल गड्ढा राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। हाल ही में हुई रिमझिम बारिश के बाद यह गड्ढा पानी से लबालब भर गया, जिससे सड़क पर नदी जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार गड्ढे की गहराई लगभग 15 फीट तक है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद से ही इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से इसकी वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके कारण बाइक सवारों और छोटे वाहनों को भारी जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस गड्ढे में आए दिन वाहन फंस रहे हैं और कई लोग दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह कैमोर और विजयराघवगढ़ को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों का भी आवागमन होता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं की ओर से भी अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आने पर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल गड्ढे की मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट