शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर पुलिस ने 30 टन गेहूं के गबन के चर्चित मामले का सफल खुलासा करते हुए फरार चल रहे ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ट्रक, लगभग 9.85 टन गेहूं तथा गबन की गई राशि में से 1.20 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना त्रिलोकपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को बड़हरा विशुनपुर स्थित शिव शक्ति ट्रेडर्स से लगभग 30 टन गेहूं ट्रक संख्या यूपी 61 टी 9372 पर लादकर गोंडा भेजा गया था। आरोप है कि ट्रक चालक अनिल यादव और सहचालक सुभाष यादव माल को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही लेकर फरार हो गए। दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और कथित रूप से गेहूं को औने-पौने दामों में बेच दिया।
मामले में व्यापारी बलिराम गुप्ता की तहरीर पर थाना त्रिलोकपुर में 25 मई 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2), 316(5) एवं 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन ने आरोपितों की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद तथा क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना त्रिलोकपुर और एसओजी टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस टीम ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच की। इसी क्रम में 4 जून 2026 को बिस्कोहर-बलरामपुर बॉर्डर क्षेत्र से दोनों वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर पुलिस ने ट्रक तथा शेष बचा गेहूं भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनिल यादव पुत्र गोमती यादव निवासी ग्राम विशुनपुर काशीनाथ, थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ तथा सुभाष यादव पुत्र खरभान यादव निवासी ग्राम विथरिया, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपितों के कब्जे से ट्रक संख्या यूपी-61-टी-9372, कुल 9,855 किलोग्राम गेहूं तथा 1,20,000 रुपये की राशि बरामद की गई है, जिसे वादी के खाते में जमा कराया गया है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में सुभाष यादव के विरुद्ध पूर्व में वाराणसी कमिश्नरेट के फूलपुर थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं अनिल यादव के विरुद्ध आजमगढ़ जनपद के गम्भीरपुर थाने में वर्ष 2024 का एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गबन किए गए शेष गेहूं और धनराशि की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं। इस सफलता को पुलिस ने संगठित टीमवर्क, तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम बताया है।