आंवला।
आंवला तहसील क्षेत्र में किसानों ने सड़क निर्माण के दौरान खेतों से अवैध रूप से मिट्टी खोदने और रकबा कम करने की शिकायत की है। यह शिकायत शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम से की गई।
आंवला के ग्राम गुलेली निवासी विमल कांत शर्मा और मोहल्ला पक्का कटरा निवासी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम खिरिया से गुलेली मार्ग पर पक्का डामर रोड का निर्माण हो रहा है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह 13 फीट चौड़ा चकमार्ग है, जिसके दोनों ओर खेत सटे हुए हैं। सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार ने जेसीबी लगाकर चकरोड खड़ंजा से लगभग 12 फीट चौड़ी खाई खोदी है। इससे खेत की करीब 5 फीट गहरी मिट्टी खोदकर रकबे पर अतिक्रमण किया जा रहा है।
किसानों का आरोप है कि इस प्रक्रिया से मौके पर लगभग चार बीघा खेत का रकबा बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण किए बिना या गजट जारी किए बिना खेत में जबरन सड़क डालने, अवैध अतिक्रमण करने और मिट्टी खोदने का कोई अधिकार किसी सरकारी या निजी एजेंसी को नहीं है। संबंधित काश्तकारों को कोई सूचना भी नहीं दी गई।
किसानों ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार या कार्यदायी संस्था को रोका जाए और गैर कानूनी तरीके से खेत में खुदाई, मिट्टी उठाने, मेड़ काटने या अवैध अतिक्रमण करके खेत की प्रकृति बदलने से रोका जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि गुलेली से खिरिया के बीच पिछले 50-60 वर्षों से एक अलग और काफी चौड़ा रास्ता मौजूद है। इसके बावजूद, उस सीधी सड़क पर रोड न बनाकर उनके खेत में रोड बनाया जा रहा है।
पीड़ितों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम आंवला विदुषी सिंह ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला जिला बरेली