किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
राजधानी रायपुर में ब्रांडेड उत्पादों की नकली बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने माना क्षेत्र के दो कारोबारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि वे प्रसिद्ध स्पोर्ट्स ब्रांड के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट जूते-चप्पल बेच रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ब्रांड प्रतिनिधियों की शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर नकली ब्रांडिंग वाले 618 जोड़ी जूते-चप्पल बरामद किए गए। जब्त सामग्री पर PUMA का नाम और लोगो अंकित था, जबकि उसके असली होने के पर्याप्त दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
पुलिस ने दोनों कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट और ट्रेडमार्क कानूनों से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। जब्त सामान की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली उत्पाद कहां से लाए गए थे तथा उनका वितरण किन क्षेत्रों में किया जा रहा था।
अधिकारियों का कहना है कि
उपभोक्ताओं को नकली उत्पादों से बचाने और बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले की जांच जारी है और तस्करी या सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।