दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मल्देवा में शनिवार शाम लगभग 6 बजे 40 वर्षीय जमुना प्रजापति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी श्यामजी यादव व उनकी टीम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक ने घर के बरेड़ में मफलर का फंदा बनाकर यह कदम उठाया है। प्राथमिक पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, किन्तु सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व घटनास्थल पर की जा रही जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।परिजन व ग्रामीणों ने कहा कि घटना के समय घर पर कोई उपस्थित नहीं था। मृतक ने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी में बेट लगाने के काम के लिए गांव में ही भेजा हुआ था। मृतक के पिता का देहांत पहले हो चुका है और वह दो भाइयों में बड़े थे, छोटा भाई काम के सिलसिले में बाहर है और उसे सूचना दे दी गई है। परिवार का कहना है कि वे इस कदम के पीछे किसी ठोस कारण से अनजान हैं। बताया गया है कि जमुना अधिकांश समय घर पर ही रहता था जबकि उसकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का खर्च चला रही थीं।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों व ग्रामीणों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।