सहारनपुर के नागल
सहारनपुर पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नांगल पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद दो पशु चोरों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि दूसरे को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा चोरी की गई एक जीवित भैंस बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 6/7 जून 2026 की रात दिल्ली-हरिद्वार निर्माणाधीन हाईवे पर ग्राम नैनसोब के जंगल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति एक भैंस को लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में नासिर पुत्र कय्यूम कुरैशी निवासी पाण्डौली, थाना नांगल के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी नदीम पुत्र महताब तेली निवासी पाण्डौली को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल नासिर के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं नदीम के कब्जे से एक जीवित भैंस बरामद की गई।
पूछताछ में नासिर ने स्वीकार किया कि बरामद भैंस उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम रसूलपुर खेड़ी से चोरी की थी। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी थाना नांगल में दर्ज मुकदमा संख्या 183/2026, धारा 305ए बीएनएस से संबंधित है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़