आंवला बरेली
थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत रफियाबाद में गैनी-बरेली रोड पर शनिवार को दो टेंपो के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में टेंपो सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को दो टेंपो अत्यधिक तेज रफ्तार में आ रहे थे। जैसे ही वे रफियाबाद क्षेत्र में गैनी-बरेली मार्ग पर पहुंचे, दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों टेंपो के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार यात्री अंदर ही फंसकर रह गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में अलीगंज के मोहल्ला बगिया निवासी हाजरा (61) पत्नी बूंदा शाह और ग्राम गैनी निवासी शबनम (35) पत्नी अनीस अहमद गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। हादसे में वृद्ध महिला हाजरा का एक पैर फ्रैक्चर हो गया, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
CHC से जिला अस्पताल रेफर
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मझगवां भिजवाया। वहां के डॉक्टरों ने घायल हाजरा की हालत को अत्यधिक नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली (जिला अस्पताल) रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इस मामले में आवश्यक विधिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
जगत सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक, अलीगंज
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला जिला बरेली