लोकेशन जतारा
रिपोर्टर महेंद्रकुमार दुबे बॉबी
टीकमगढ़।
जनपद पंचायत जतारा अंतर्गत ग्राम पैतपुरा में वर्ष 2010 में हुई ग्राम रोजगार सहायक भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में आ गई है। ग्राम पैतपुरा निवासी दीनदयाल पुत्र रामप्रसाद सूत्रकार ने भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितता, भ्रष्टाचार और पात्र अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किए जाने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए मेरिट सूची तैयार की गई तथा चयनित अभ्यर्थी के प्रशिक्षण एवं अनुभव संबंधी दस्तावेजों की सही ढंग से जांच नहीं की गई। इसके कारण पात्र अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर से वंचित होना पड़ा।
दीनदयाल सूत्रकार का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023 से 2024 के दौरान कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत सीईओ, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न अधिकारियों को कई बार शिकायतें एवं आवेदन दिए। जनसुनवाई में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक उन्हें किसी ठोस कार्रवाई या जांच के अंतिम निष्कर्ष की जानकारी नहीं दी गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार जिला पंचायत स्तर पर जांच समिति गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए गए थे, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी लगातार जांच का आश्वासन देकर मामले को टालते रहे हैं।
पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा यदि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं पाई जाती हैं तो दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो वे उच्च स्तर पर भी अपनी शिकायत लेकर जाएंगे।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
भर्ती प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों के बीच अब शिकायतकर्ता सहित क्षेत्र के लोगों की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। सभी को जांच रिपोर्ट और प्रशासन के अंतिम निर्णय का इंतजार है।