रिपोर्टर मनोज भट्ट
लोकेशन जगदलपुर जिला बस्तर
जगदलपुर
उप मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने शनिवार को बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दुगनपाल में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में शामिल होकर जल संरक्षण और पेयजल प्रबंधन का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल आपूर्ति स्थिति की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने गांव में स्थापित स्टैंड पोस्ट पर मौली धागा बांधकर जल अर्पण किया और जल को जीवन का आधार बताते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है और इसके लिए जनसहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी जल जीवन मिशन के तहत गांव में मिल रही पेयजल सुविधा पर अपने अनुभव साझा किए। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।इस मौके पर महापौर जगदलपुर नगर निगम संजय पाण्डे एवं क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर आकाश छिकारा, प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी केके मरकाम, अतिरिक्त मिशन संचालक जल जीवन मिशन ओंकेश चंद्रवंशी,अधीक्षण अभियंता कैलाश मंडरिया,कार्यपालन अभियंता एचएस मरकाम और अन्य अधिकारी तथा ग्रामीणजन मौजूद रहे।