फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।
अटल संकल्प पार्टी द्वारा आयोजित “जन भागीदारी यात्रा” रविवार को क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पार्टी को विभिन्न स्थानों पर लोगों का सकारात्मक रुझान और स्वागत प्राप्त हुआ, जिससे संगठन की जमीनी पकड़ और जनसंपर्क नेटवर्क को नई मजबूती मिलती दिखाई दी।
यात्रा का शुभारंभ फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा से हुआ, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए। यह यात्रा लोधी नगर चौराहा, कस्बा बाजार, झुमका चौराहा, सीबीगंज, मिनी बाईपास, विपिन चौराहा सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी। मार्ग में स्थानीय लोगों ने कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया और पार्टी पदाधिकारियों से संवाद भी किया।
समापन कार्यक्रम उड़ान ग्लोबल स्कूल परिसर में आयोजित जनसभा के रूप में हुआ, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित कुमार गंगवार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंजी. योगेंद्र कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता मुनेंद्र कुमार, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपू, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि मौर्य, अनुसूचित युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शिवम कुमार एवं बरेली जिला अध्यक्ष सचिन गंगवार सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन की नीतियों, जनहित एजेंडे और आगामी कार्ययोजनाओं पर विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बनाकर विकास, पारदर्शिता और जनसरोकार के मुद्दों को मजबूत करना है। उन्होंने संगठन के विस्तार को गति देने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया।
युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि मौर्य ने कार्यक्रम की सफलता पर कार्यकर्ताओं और सहयोगी प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस यात्रा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की विचारधारा और नीतियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मधु शर्मा, संगठन मंत्री अभिषेक सलाहकार, रामपुर जिला अध्यक्ष अवधेश मौर्य, बहेड़ी विधानसभा अध्यक्ष आकाश, मीडिया प्रभारी डॉ. मुदित प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क का वातावरण देखने को मिला, जिसे पार्टी संगठन के लिए एक सकारात्मक संकेत के रूप में माना जा रहा है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली