राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
क्षेत्र की जर्जर सड़कों और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। कैमोर-कटनी मुख्य मार्ग से जुड़े देवरी-मझगवां मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने शनिवार को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों में ‘बेशर्म’ के पौधे रोपकर लोगों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर तीखा कटाक्ष किया और अपनी नाराजगी जाहिर की।
गड्ढों से भरी सड़क बनी हादसों का कारण
ग्रामीणों का कहना है कि देवरी-मझगवां मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े और गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए खतरा बन चुके हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
अधिकारियों की निष्क्रियता पर अनोखा व्यंग्य
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी एवं अधिवक्ता ब्रह्ममूर्ति तिवारी ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।
उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदार अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति इतने असंवेदनशील और बेशर्म हो गए हैं, तब गड्ढों में बेशर्म के पौधे लगाकर उन्हें उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराने का प्रयास किया गया है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आगामी दिनों में चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
अब विभाग की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
गड्ढों में पौधारोपण कर किए गए इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने एक बार फिर सड़कों की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। अब देखना यह होगा कि लोक निर्माण विभाग इस जनाक्रोश को गंभीरता से लेते हुए सड़क सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाता है या फिर जनता को इसी बदहाल व्यवस्था के भरोसे छोड़ दिया जाता है।