दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह)
बीते शनिवार आयोजित तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गोड़ के दुद्धी तहसील में पहले दिन पहुंचने पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर व बार सभागार में आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराए जाने की मांगों वाला ज्ञापन सौंपा है। बार अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कचहरी परिसर के उत्तर दिशा में टीन शेड हटाकर पक्का, संसाधनयुक्त वादकारी कक्ष, सुरक्षा के लिए चारदीवारी व सीसीटीवी, शीतल जल संयंत्र, बंदीगृह, सभागार की मरम्मत फॉल सीलिंग, वॉल पैनलिंग, मार्बल सीट व एसी सहित पूर्ण विद्युत वायरिंग, वाहन पार्किंग स्टैंड, पुस्तकालय व प्राचीन कुएँ की मरम्मत व सफाई जैसी कई मांगें बताईं।
अधिवक्ताओं ने बताया कि वर्तमान खुले व असुरक्षित टीन शेड में बैठकर काम करने से गर्मी,बरसात व ठंड के कारण मुश्किल होती है। बच्चों व महिला वादकारियों की सेहत प्रभावित होती है तथा फाइल व सामान चोरी की घटनाएँ भी हो चुकी हैं। ज्ञापन में शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं का निवारण करने का आग्रह किया गया है।
जिलाधिकारी चर्चित गोड़ ने अधिवक्ताओं की समस्याएँ सुनकर पत्र की समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बार एसोसिएशन ने त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है और कहा कि सुधार न होने पर आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।