दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध व अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत थाना शक्तिनगर पुलिस ने रविवार को फर्जी नम्बर प्लेट लगा कर कोयला परिवहन करने वाले वाहन सहित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 07 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर शनिदेव मंदिर के पास, ग्राम जमसीला चौकी बीना क्षेत्र में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक ट्रेलर नंबर प्लेट UP64 H 8337 को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन में लदे कोयले से संबंधित बिल्टियाँ व अन्य दस्तावेज देखने के बाद वाहन के चेसिस नंबर MAT447243Y3N29571 को ई-परिवहन/वाहन पोर्टल पर सत्यापित किया गया। जांच में पाया गया कि वाहन का वास्तविक पंजीकरण संख्या UP64 AT 5675 है और अन्य नम्बर प्लेट लगाकर असली पहचान छिपाई जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि वाहन पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर अवैध रूप से कोयला परिवहन किया जा रहा था। इस मामले में थाना शक्तिनगर पर संबंधित धाराओं 336(2), 336(3), 340(2), 318(4) बीएनएस के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की जांच शुरू कर दी गयी है। घटना में गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ जारी है और वाहन तथा संबंधित कागजात जब्त कर लिए गए हैं।
थाना प्रभारी सतेन्द्र राय के नेतृत्व में हुई कार्यवाही से अवैध कोयला परिवहन और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त संदेश गया है।