सोनभद्र।
आगामी सीधी भर्ती परीक्षा-2025 आरक्षी, नागरिक पुलिस व समकक्ष पद के सुचारु, पारदर्शी एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रविवार को जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। जनपद में 08, 09 एवं 10 जून को दो-दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए कुल छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम तथा परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं की जांच की और अधिकारियों को उन्हें सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, टेंट व्यवस्था तथा फ्रिस्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही परीक्षा अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा एम्बुलेंस तथा सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्ष निरीक्षकों के ब्रीफिंग सत्र में जिलाधिकारी ने समयपालन को अनिवार्य बताते हुए सीटिंग प्लान और अन्य तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता अक्षम्य होगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अश्विनी कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकार रणधीर मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया और कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी।