बारिपदा
आज के समय में जहां लोग अपने प्रियजनों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते हैं, वहीं मयूरभंज जिले के बारिपदा शहर के वार्ड संख्या-26 निवासी समाजसेवी सनत कुमार दास ने अपने पिता की 23वीं पुण्यतिथि पर रक्तदान कर मानवता और समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। ओडिशा ब्लड सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने अपने समाजसेवी साथियों की उपस्थिति में स्वेच्छा से रक्तदान किया।सनत दास का कहना है कि रक्तदान महादान है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि वे कई वर्षों से अपने माता-पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर नियमित रूप से रक्तदान करते आ रहे हैं। परिवार की स्मृतियों को समाजसेवा से जोड़ने की उनकी यह अनूठी पहल लोगों के बीच सराहना का विषय बनी हुई है।
उन्होंने केवल पुण्यतिथि के अवसर पर ही नहीं, बल्कि वर्षभर विभिन्न समयों पर भी रक्तदान किया है तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था करने में सक्रिय सहयोग देते हैं। उनकी इस सेवा भावना के कारण अनेक लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाया है।रक्तदान के अलावा सनत दास सामाजिक कार्यों में भी लगातार सक्रिय रहते हैं। वे खाद्य वितरण, वृक्षारोपण, गरीब एवं असहाय लोगों की सहायता तथा अंतिम संस्कार और शववाहन जैसी मानवसेवा से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उनके सहयोगियों के अनुसार, दूसरों के दुख में साथ खड़े होकर मदद करना ही उनके जीवन का मूल मंत्र है।सनत दास स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। उनके प्रयासों से कई नए रक्तदाता तैयार हुए हैं, जो समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता कर रहे हैं।इस अवसर पर डॉ. नीरोज कुमार पोथाल, बसंत महापात्र, प्रतापेश्वर दास, निर्मल कुमार गिरी, राकेश कुमार द्विवेदी, इंद्रजीत महांत, जय प्रकाश महांत एवं हिमांशु शेखर प्रहराज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने सनत दास के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र, उत्तरीय और पुष्प पौधा भेंट कर सम्मानित किया।उपस्थित अतिथियों ने उनके दीर्घायु एवं निरंतर समाजसेवा की कामना करते हुए कहा कि सनत दास जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनकी सेवा भावना से युवाओं को सीख लेनी चाहिए।
रिपोर्ट: हिमांशु शेखर प्रहराज, बारिपदा।