छत्तीसगढ़ धमतरी।
शहर के अटल आवास परिसर में रहने वाले लोगों की जिंदगी अब खतरे के साए में गुजर रही है। भवनों की जर्जर हालत ऐसी हो गई है कि मामूली कंपन या आसपास पटाखे फूटने पर भी मकान कांपने लगते हैं, जिससे रहवासियों में हर समय भय का माहौल बना रहता है।
इसी समस्या को लेकर अटल आवास के निवासियों ने एकजुट होकर महापौर को ज्ञापन सौंपा और आवासों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
रहवासियों ने बताया कि भवनों में दीवारों पर दरारें पड़ चुकी हैं, प्लास्टर झड़ रहा है और संरचना लगातार कमजोर होती जा रही है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले शासन-प्रशासन को आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
रामू रोहरा महापौर ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।