किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार जनसंपर्क और सुशासन को मजबूत करने के लिए नई पहल करने जा रही है।
इसके तहत प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा स्थानीय समस्याओं पर फीडबैक लेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, योजनाओं की जमीनी स्थिति जानना और लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
जनप्रतिनिधि बिना पूर्व सूचना के भी किसी भी घर पहुंचकर नागरिकों से बातचीत कर सकते हैं।
विशेष बात यह है कि मुख्यमंत्री भी इस अभियान में शामिल होंगे और अचानक किसी भी क्षेत्र या परिवार के घर पहुंचकर योजनाओं का जायजा लेने के साथ आम लोगों से सीधे चर्चा कर सकते हैं।
इसके जरिए सरकार विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति और जनता की संतुष्टि का आकलन करेगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी और लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा।
जनप्रतिनिधियों को आम जनता से मिले सुझाव और शिकायतों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए जाएंगे।