किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ईंधन संकट गहराता नजर आ रहा है। पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने से आम लोगों के साथ परिवहन क्षेत्र भी परेशान है।
हालात ऐसे हैं कि धमतरी में पेट्रोल 140 रुपये प्रति लीटर तक बिकने की खबरें सामने आई हैं, जबकि बीजापुर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन पूरी तरह खत्म हो गया है।
ईंधन की कमी के चलते कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं। वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है,
वहीं कुछ स्थानों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। इसका असर माल परिवहन, सार्वजनिक परिवहन और दैनिक आवागमन पर भी पड़ रहा है।
बीजापुर में कई पेट्रोल पंपों के सूख जाने से स्थानीय लोगों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं धमतरी में बढ़ी कीमतों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन और संबंधित एजेंसियां आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने के प्रयास में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ईंधन की नियमित आपूर्ति बहाल कर स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा।
तब तक लोगों से अनावश्यक खरीदारी और ईंधन की जमाखोरी से बचने की अपील की गई है।