किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर।
प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल CIMS से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रसूता अपने नवजात शिशु को गोद में लेकर घंटों फर्श पर लेटी रही, लेकिन उसे समय पर बेड उपलब्ध नहीं कराया गया। परिजनों का आरोप है कि मदद मांगने पर ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने असंवेदनशील व्यवहार करते हुए कहा, “जाओ, पेट दर्द से कोई नहीं मरता।”
बताया जा रहा है कि प्रसव के बाद महिला तेज दर्द से परेशान थी और नवजात के साथ वार्ड में जगह मिलने का इंतजार कर रही थी। बेड नहीं मिलने के कारण उसे फर्श पर ही लेटना पड़ा, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद CIMS प्रबंधन ने घटना की जांच कराने और तथ्य सामने आने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है।
यह घटना सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है,
जहां संवेदनशीलता और बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है।