वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी के गंजारी क्षेत्र में बन रहा भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब तेजी से अपने वास्तविक स्वरूप में नजर आने लगा है। ड्रोन कैमरे से सामने आई नई तस्वीरों में स्टेडियम का विशाल ढांचा और काशी-थीम आधारित अनोखी डिजाइन साफ दिखाई दे रही है।
भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और अर्धचंद्र की प्रेरणा से तैयार यह स्टेडियम आधुनिक खेल सुविधाओं और काशी की सांस्कृतिक पहचान का अद्भुत संगम बन रहा है। डमरू आकार का मीडिया सेंटर और त्रिशूल जैसी फ्लड लाइट्स इसे और भी खास बनाती हैं।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 23 सितंबर 2023 को शिलान्यास के बाद तेजी से आगे बढ़ रही है और अब करीब 80% तक कार्य पूरा बताया जा रहा है।
करीब 30–40 हजार दर्शक क्षमता वाला यह स्टेडियम न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का गवाह बनेगा, बल्कि पूर्वांचल के युवाओं के लिए खेल प्रतिभा निखारने का बड़ा मंच भी साबित होगा।
काशी की यह नई पहचान अब खेल जगत में भी इतिहास रचने को तैयार है.