किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।
राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 96 घंटे का विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर, हरप्रीत सिंह मट्टू, ऋषि साहू, महावीर जैन, मीर कुरैशी उर्फ विक्की और गुलाब कंडरा सहित कुल आठ लोग शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से नशीले पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर रोक लगाने और इससे जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से चलाया गया। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई और लंबे समय से निगरानी में चल रहे आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इनके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और शहर को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।