सहारनपुर
बिहारीगढ़/बेहट।
बेहट क्षेत्र के गांव गणेशपुर स्थित मोहनरों नदी में कथित रूप से अधिक मात्रा में खनन किए जाने की शिकायत पर प्रशासन हरकत में आ गया। ग्रामीणों द्वारा 6 जून को एसडीएम बेहट को दी गई शिकायत के बाद गुरुवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीमावर्ती राज्य उत्तराखंड स्थित देव भूमि व गढ़वाल स्टोन क्रेशर द्वारा नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खनन किया जा रहा है। शिकायत के संज्ञान में आने पर एसडीएम बेहट मानवेन्द्र सिंह ने जांच के लिए राजस्व टीम का गठन किया।
जांच टीम में नायब तहसीलदार देवेन्द्र सिंह, कानूनगो संजीव कपिल, लेखपाल पंकज पंवार, अमित खटाना, अभिषेक यादव एवं फहीम अहमद शामिल रहे। टीम ने गणेशपुर पहुंचकर खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा नदी की पैमाइश की।
नायब तहसीलदार देवेन्द्र सिंह ने बताया कि नदी की प्रारंभिक पैमाइश पूरी कर ली गई है। मामले की रिपोर्ट उत्तराखंड के संबंधित राजस्व अधिकारियों को भेजी जाएगी। दोनों राज्यों की सीमा का संयुक्त आकलन करने के बाद दोबारा पैमाइश कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी। यदि जांच में उत्तर प्रदेश की सीमा के भीतर खनन पाया जाता है तो नियमानुसार माप के आधार पर जुर्माना वसूला जाएगा।
वहीं ग्रामीण महावीर राणा, सन्नी राणा, ग्राम प्रधान चरण सिंह, उदय सिंह, राजेश एवं मुकेश सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि रात के समय दो पोकलेन मशीनों तथा 10 से 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार खनन से नदी का कटाव गांव गणेशपुर की ओर बढ़ रहा है, जिससे आगामी बरसात के मौसम में गांव के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। कुलदीप सिंह बिहारीगढ़
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़