सहारनपुर
फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट द्वारा आज कस्बा सरसावा में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सहारनपुर मण्डल में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने बढ़- चढ़कर भाग लिया।
रक्तदान शिविर का संयोजन उदयवीर सिंह एवं सलमान द्वारा किया गया। शिविर में कुल 85 यूनिट रक्तदान हुआ, जबकि 20 से अधिक इच्छुक रक्तदाता स्वास्थ्य संबंधी मानकों के कारण रक्तदान नहीं कर सके। इन रक्तदाताओं को भविष्य में रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में मेडिकल कॉलेज पिलखनी पीजीआई रक्तकोष की टीम ने भी सहभागिता करते हुए रक्त संग्रहण एवं अन्य चिकित्सीय व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।
ट्रस्ट के वरिष्ठ संरक्षक अश्वनी कुमार मित्तल ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान किसी भी समाज की संवेदनशीलता और जागरूकता का प्रतीक है। सरसावा क्षेत्र के लोगों ने हमेशा रक्तदान अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लिया है और आज का शिविर भी उसी परंपरा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी अनजान व्यक्ति को जीवनदान देने का अवसर प्राप्त करते हैं।
अमन त्यागी ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
उदयवीर ने बताया कि जनपद में रक्त की आवश्यकता को देखते हुए ट्रस्ट लगातार रक्तदान जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में आगामी विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार, 14 जून 2026 को जिला अस्पताल ब्लड बैंक, सहारनपुर में एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। संस्था ने सभी नियमित एवं रक्तदान करने के इच्छुक रक्तदाताओं से इस शिविर में भाग लेकर मानवता के इस महाअभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।
रक्तदान शिविर में सुमित कुमार चोपड़ा, गुलाब सिंह, दीपक कुमार, अक्षय चौधरी, अफजल, मोहित सिंह, निखिल अरोड़ा, विक्रांत, मुकुल कोरी, आरती, रितिका, मोनिका आदि ने भाग लिया।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़