फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।
बरेली में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 320 किलो डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ लिया। कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर रहपुरा अंडरपास के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध ट्रक पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनकी पहचान पुष्कर साहू और प्रेम प्रकाश के रूप में हुई।
झारखंड-बिहार से पंजाब तक फैला था खेल!
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि कथित तौर पर डोडा पोस्त की खेप झारखंड और बिहार से लाई जाती थी और पंजाब में सप्लाई की जाती थी। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई हैं। माना जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
ट्रक, मोबाइल और नकदी भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 320 किलो डोडा पोस्त के अलावा एक ट्रक, चार मोबाइल फोन और 2,590 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुराने मामलों की भी पड़ताल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज रहे हैं। इसी वजह से जांच एजेंसियां इनके पुराने संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की अंतिम पुष्टि होगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली