बलिया
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का 14 जून 2026 को बलिया आगमन प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा बलिया पहुंचेंगे और बांसडीह रोड स्थित प्रसिद्ध बाबा बलखंडी नाथ मंदिर, दिउली में आयोजित धार्मिक एवं जिले के कई सामाजिक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ओम बिरला दोपहर लगभग 3 बजे बलिया पहुंचेंगे। यहां वह बाबा बलखंडी नाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले के कथा में शामिल हो सकते हैं। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह जी के अगुवाई में चल रहे शिवपुराण कथा का 6 वा दिन में लोगो की भीड़ और भी बढ़ने की उम्मीद है । कार्यक्रम में शामिल होकर उपस्थित लोगों से संवाद भी कर सकते हैं।
लोकसभा अध्यक्ष के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर आवागमन मार्ग तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लोकसभा अध्यक्ष के दौरे को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह का माहौल है। प्रशासन का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएंगी और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम के उपरांत लोकसभा अध्यक्ष शाम करीब 4 बजे बलिया से वापस प्रस्थान करेंगे।
संवाददाता: किशन जायसवाल, बलिया