विजयराघवगढ़।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से विजयराघवगढ़ थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने की, जबकि थाना प्रभारी अभिषेक चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में नगर की समस्त मस्जिदों के इमाम, ताज़िया कमेटियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम पर्व के आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था तथा आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।
एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की। वहीं थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
बैठक में सर्वसम्मति से मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया गया तथा आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट