राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के समीप रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल ने दुर्घटना में शामिल यात्री बस क्रमांक एमपी-19 पी-0347 एवं ओवरलोड हाइवा क्रमांक एमपी-21 एच-2099 के विरुद्ध कठोर कदम उठाते हुए दोनों वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस संचालक पंकज गुप्ता निवासी मसुरहा वार्ड, घंटाघर रोड तथा हाइवा मालिक अनिल कुमार सुहाने निवासी बाल गंगाधर वार्ड क्रमांक-4, पन्ना मोड़ को आरटीओ कार्यालय द्वारा नोटिस जारी कर मूल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट तत्काल जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इतना ही नहीं, दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और गंभीर लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि लमतरा फाटक के पास हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।
प्रशासन द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर संदेश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं हादसे की विस्तृत जांच भी जारी है।