राजगढ़ ब्यूरो चीफ संतोष गोस्वामी
ब्यावरा |
मलावर थानान्तर्गत आगर गांव में रविवार शाम करीब 7 बजे दो बाइक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार 6 लोग घायल हुए हैं। जिनको उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। इनमें से 5 की हालत गंभीर होने के कारण उनको भोपाल रेफर कर दिया गया है, जबकि एक को नरसिंहगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामस्वरूप पिता रंगलाल प्रजापति उम्र 32 साल निवासी नरियाखेड़ी अपनी पत्नी कविता एवं दो नाबालिग बच्चों के साथ बाइक से एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। वहां से शाम करीब 7 बजे जब बाइक से परिवार सहित अपने गांव वापस लौट रहे थे कि तभी आगर गांव में सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में रामस्वरूप की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। जबकि कविता, 16 वर्षीय एवं 12 वर्षीय बच्चे की हालत भी काफी खराब है। इस पूरे परिवार को भोपाल रेफर कर दिया गया है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मोहन पिता नन्नुलाल मीणा उम्र 45 साल निवासी गुंजारी एवं तेज सिंह पिता अमान सिंह गुर्जर को भी काफी चोटें आई हैं।
परिजन पहुंचे अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही मोई और गुंजारी गांव के घायलों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंच गए। घायलों के साथ आई भीड़ को देखते हुए गार्डों को बार-बार लोगों को बाहर रुकने के कहना पड़ रहा था।