कैमोर।
कैमोर क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का संचालन लगातार जारी है। सड़कों पर दौड़ रहे गिट्टी एवं पत्थरों से भरे ओवरलोड डंपरों और ट्रकों से मार्ग में सामग्री गिरने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके पुलिस एवं आरटीओ द्वारा समय-समय पर की जाने वाली कार्रवाई का कोई विशेष असर दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खदान क्षेत्रों से निकलने वाले कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक गिट्टी और पत्थर लादकर परिवहन कर रहे हैं। इन वाहनों से सड़क पर गिरने वाली गिट्टी दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन रही है। कई स्थानों पर सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कार्रवाई के कुछ दिनों बाद ही ओवरलोड वाहनों का संचालन फिर से शुरू हो जाता है। मुख्य मार्गों पर दिन-रात ऐसे वाहन बेखौफ दौड़ते देखे जा सकते हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है।
नागरिकों ने प्रशासन, पुलिस विभाग एवं आरटीओ से नियमित जांच अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर होगी।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट