किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
छत्तीसगढ़ भिलाई।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सेवक जन फाउंडेशन द्वारा कला मंदिर सभागार, भिलाई में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, दृष्टिबाधित सेवा, सामाजिक एवं सनातन क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे 200 से अधिक सामाजिक संस्थाओं एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया। ये वे संस्थाएं हैं जो जमीनी स्तर पर समाज हित, मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, बीएसएफ आईजी संजय पंत, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन अध्यक्ष एन.के. बंछोर, ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव परविंदर सिंह, भाजपा नेता अमित साहू (रायपुर), युवा नेता एवं प्रेजिडेंट यूथ विंग श्री राम जन्मोत्सव समिति मनीष पाण्डेय, सर्व समाज कल्याण समिति अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, पूर्व सीएसपी वीरेंद्र सतपथी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 192 यूनिट रक्तदान हुआ। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता के तहत 70 से अधिक लोगों की ब्लड शुगर जांच की गई। स्वास्थ्य जांच की पूरी व्यवस्था आरोग्यम अस्पताल की टीम द्वारा की गई, जिन्होंने पूरे समय अपनी सेवाएं प्रदान की।
सेवक जन फाउंडेशन द्वारा “रक्त मीतान योजना” की शुरुआत की जाएगी। इसके अंतर्गत जिला भर वालंटियर्स एवं रक्तदाताओं की एक व्यवस्थित सूची तैयार की जाएगी, जिससे जरूरत के समय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। इस पहल का उद्देश्य रक्तदान को एक मजबूत नेटवर्क के रूप में विकसित करना और आपात स्थिति में जीवन बचाने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाना है।
इसके साथ ही संस्था द्वारा “एनीमिया मुक्त बचपन योजना” की शुरुआत भी की जा रही है। इस अभियान की शुरुआत सरकारी स्कूलों से की जाएगी, जिसमें बच्चों के रक्त की जांच कर उनके हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की जाएगी। जिन बच्चों में हीमोग्लोबिन की कमी पाई जाएगी, उनकी आगे की आवश्यक जांच कराई जाएगी। यदि किसी बच्चे में रक्त संबंधी कोई विकार पाया जाता है तो विशेषज्ञ टीम द्वारा एडवांस जांच के बाद नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार सप्लीमेंट उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अभियान में सेवक जन फाउंडेशन के साथ स्टारलाइट फाउंडेशन और शौर्य युवा संगठन मुख्य सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि सेवक जन फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, सनातन और रक्तदान के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य प्रेरणादायक है। संस्था के अध्यक्ष विकास जायसवाल एवं उनकी टीम जिस समर्पण के साथ समाजसेवा कर रहे हैं, उससे समाज में नई ऊर्जा आती है। “रक्त मीतान” और “एनीमिया मुक्त बचपन” जैसी पहल आने वाले समय में हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने कहा कि समाज की वास्तविक सेवा वही है जो जरूरतमंदों तक पहुंचे। रक्तदान और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर शुरू की जा रही ये पहल समाज के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
बीएसएफ आईजी संजय पंत ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक रक्तदाता किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने का कार्य करता है। ऐसी योजनाएं समाज को और संवेदनशील बनाती हैं।
बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन अध्यक्ष एन.के. बंछोर ने कहा कि भिलाई की पहचान उद्योग के साथ-साथ सामाजिक सेवा के लिए भी है। एक मंच पर इतने सामाजिक संगठनों को जोड़ना और नई स्वास्थ्य पहल शुरू करना सराहनीय प्रयास है।
ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव परविंदर सिंह ने कहा कि रक्तदान के साथ अब रक्त संबंधी जागरूकता और बच्चों के स्वास्थ्य पर काम करना समय की आवश्यकता है।
भाजपा नेता अमित साहू (रायपुर) ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से समाज में बड़े बदलाव आते हैं। सेवक जन फाउंडेशन की ये पहल युवाओं को सेवा के लिए प्रेरित करेगी।
युवा नेता एवं प्रेजिडेंट यूथ विंग श्री राम जन्मोत्सव समिति मनीष पाण्डेय ने कहा कि सेवक जन फाउंडेशन द्वारा कला मंदिर जैसे बड़े मंच पर समाजसेवी संस्थाओं को एक साथ सम्मानित करना भिलाई की सेवा भावना को दर्शाता है। रक्तदान जैसे कार्यों को जन आंदोलन बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और ऐसी पहल समाज को नई दिशा देती है।
सर्व समाज कल्याण समिति अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज रक्तदान के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ी है। कुछ वर्षों पहले रक्त की आवश्यकता पड़ने पर काफी कठिनाई होती थी, लेकिन सामाजिक संस्थाओं के प्रयास से आज युवा स्वयं आगे आकर रक्तदान कर रहे हैं और जरूरतमंदों को समय पर मदद मिल रही है।
कार्यक्रम आयोजक एवं सेवक जन फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास जायसवाल ने कहा कि रक्तदान केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि निरंतर चलने वाला मानव सेवा का संकल्प है। “रक्त मीतान” के माध्यम से जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने की मजबूत व्यवस्था तैयार होगी और “एनीमिया मुक्त बचपन” के माध्यम से बच्चों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अशोक गुप्ता, मोहन राव, ज्ञानचंद जैन, कन्हैया सोनी, सौरभ जायसवाल, गोल्डी सोनी, तुलसी साहू, सुमन कनौजिया, सविता, आदित्य भारद्वाज, आरिफ, आदित्य शर्मा, यश सिंह, चेतन, स्वस्तिका, चमन, माधुरी, जया, मुनेश, आरती सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, स्वयंसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे।
सेवक जन फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह आयोजन रक्तदान से आगे बढ़कर समाज के स्वास्थ्य और भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।