शामली।
जनपद शामली में चर्चित धर्मांतरण मामले में पुलिस ने एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी तौफीक उर्फ भोला बताया जा रहा है, जो मुख्य आरोपी चांदनी कुरैशी का फुफेरा भाई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक निकाहनामा भी बरामद किया है, जिसकी सत्यता और कानूनी स्थिति की जांच की जा रही है।
यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान धाम के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आयुष मलिक को प्रेम संबंधों के माध्यम से प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया तथा परिवार को धमकियां दी गईं।
पुलिस इससे पहले चांदनी कुरैशी और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तौफीक उर्फ भोला की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उस पर कथित रूप से धर्म परिवर्तन की साजिश में शामिल होने और पीड़ित परिवार को धमकाने के आरोप हैं।
गिरफ्तारी के दौरान बरामद निकाहनामे की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दस्तावेज कब, कहां और किन परिस्थितियों में तैयार किया गया था तथा इसकी वैधता क्या है।
मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आगे की कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
शशांक वर्मा ब्यूरो चीफ जिला शामली