सहारनपुर
सहारनपुर- थाना सरसावा पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1400 पेटी अंग्रेजी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कैंटर/ट्रक बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर सरसावा-अम्बाला रोड स्थित टोल प्लाजा के आगे संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के बाड़मेर निवासी मोहन लाल पुत्र गुणेश राम को गिरफ्तार किया। बरामद शराब विभिन्न ब्रांडों की है, जिस पर चंडीगढ़ राज्य में बिक्री हेतु अनुमन्य अंकित है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर विभिन्न राज्यों में अधिक कीमत पर सप्लाई करता था। इस कारोबार से होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरसावा में आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 तथा बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। संयुक्त कार्रवाई में सरसावा पुलिस व आबकारी विभाग की टीम शामिल रही।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़