सहारनपुर
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान के तहत पुवांरका विकास खंड कार्यालय, चक हरेटी में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, युवा एवं रोजगार सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंच रहा है। पूर्व विधायक जगपाल सिंह एवं महानगर उपाध्यक्ष अमित गर्ग ने भी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी सोनिका चौधरी ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में विशेष संपर्क अभियान के तहत महापौर अजय सिंह ने शारदा मंडल में चौपाल लगाकर क्षेत्रवासियों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं तथा रात्रि प्रवास किया। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़