बुरहानपुर।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में सोमवार को शहर के लालबाग रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस प्रभारी ग्यारसीलाल रावत एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टांक ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना केवल एक उम्मीदवार का मामला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की भावना से जुड़ा विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया ने चुनावी पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं और इस मामले की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए।
प्रेसवार्ता के दौरान नेताओं ने लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का दावा किया। साथ ही कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
हालांकि प्रेसवार्ता के राजनीतिक संदेश से अधिक चर्चा उसमें दिखाई दी सीमित उपस्थिति की रही। नगर निगम में कांग्रेस के 15 निर्वाचित पार्षद होने के बावजूद प्रेसवार्ता में कोई भी पार्षद या प्रमुख जनप्रतिनिधि नजर नहीं आया। इसके चलते राजनीतिक गलियारों में संगठन की सक्रियता और आंतरिक समन्वय को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर आयोजित प्रेसवार्ता में जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति कई सवाल खड़े करती है। वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए उसका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
प्रेसवार्ता में मौजूद नेताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए तथा कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
प्रमुख बिंदु
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस ने जताया विरोध।
चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठाए सवाल।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प।
नगर निगम के 15 कांग्रेस पार्षदों में से कोई नहीं हुआ शामिल।
पार्षदों की अनुपस्थिति राजनीतिक चर्चा का विषय बनी।
संगठन की सक्रियता और एकजुटता को लेकर उठे सवाल।
Syed Farooq Bairwa chief
News reporter ehtesham uddin
Cameraman Sheikh sakil ke sath