सहारनपुर- बिहारी गढ़
सिक्खों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज के शहीदी दिवस को समर्पित सालाना दीवान गुरुवार, 18 जून 2026 को गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, श्री गुरु सिंह सभा बिहारीगढ़ में बड़ी श्रद्धा, प्रेम और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र सहित दूर-दराज से आने वाली संगत गुरु घर में नतमस्तक होकर गुरु साहिब की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद करेगी।
सिख इतिहास में गुरु अर्जुन देव जी महाराज की शहादत को अद्वितीय स्थान प्राप्त है। उन्होंने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। इतिहास के अनुसार मुगल सम्राट जहांगीर के शासनकाल में राजनीतिक विरोध और उसके पुत्र खुसरो की सहायता करने के झूठे आरोपों के चलते गुरु साहिब को अमानवीय यातनाएं दी गईं। उन्हें कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा गया तथा तपती लोहे की तवी पर बैठाकर उनके सिर पर उबलती रेत डाली गई, लेकिन उन्होंने धर्म और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा।
शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में आयोजित महान समागम में प्रसिद्ध रागी जत्थे एवं कीर्तनीय संगत को गुरबाणी कीर्तन से निहाल करेंगे। कार्यक्रम के दौरान छबील सेवा एवं गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा।
समागम में भाई बलबीर सिंह, भाई आजाद सिंह, भाई नरेंद्र सिंह, भाई राम सिंह, भाई अजीत सिंह, भाई निकुल सिंह, भाई हरि सिंह, भाई संजय सिंह, भाई संदीप सिंह, भाई प्रदीप सिंह, भाई सोहन सिंह, भाई मंदीप सिंह, भाई राकेश सिंह एवं भाई गुरमीत सिंह सहित अनेक प्रसिद्ध कीर्तनीय अपनी हाजिरी लगाएंगे।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने क्षेत्र की समस्त साध-संगत से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने एवं शहीदों की महान परंपरा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है।
बिल्डिंग निर्माण कार्य हेतु सेवा का अवसर
गुरुद्वारा साहिब में वर्तमान में भवन निर्माण कार्य जारी है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि जो भी श्रद्धालु तन, मन अथवा धन से सेवा करना चाहते हैं, वे गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से संपर्क कर सेवा का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। कुलदीप सिंह बिहारीगढ़
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़